ऊना/सुशील पंडित: विधानसभा क्षेत्र हरोली की ग्राम पंचायत बाथू में कृषि विभाग आत्मा परियोजना के अंतर्गत एक दिवसीय किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया । इस कार्यक्रम में लगभग 120 किसानों ने भाग लिया ।सर्वप्रथम कृषि विभाग आत्मा परियोजना से उपपरियोजना निदेशक डॉ॰ तनुजा कपूर ने किसानों को प्राकृतिक खेती ख़ुशहाल किसान योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए रासायनिक खेती करने से होने वाले दुष्प्रभावों से भी अवगत करवाया व खंड तकनीकी प्रबंधक डॉ॰ अंकुश शर्मा ने सरकार द्वारा किसानों के हित में चलाए जाने वाली योजनाओं को लोगों के समक्ष रखा ।सहायक तकनीकी प्रबंधक डॉ॰ दविंदर कौर और डॉ॰ शिवांक जसवाल ने किसानों को देसी गाय के गोबर गौमूत्र से तैयार जीवामृत, वीजामृत इत्यादि बनाने के बारे में बताते हुए अधिक से अधिक किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया

इस अवसर पर बाग़वानी विभाग से उद्यान विकास अधिकारी डॉ॰ कविता चंदेल , कृषि विज्ञान केंद्र से डॉ॰ संजय शर्मा व पशुपालन विभाग से डॉ॰ मनोज शर्मा ने अपने विभागों में चल रही गतिविधियों के बारे में किसानों को जानकारी दी। ग्राम पंचायत प्रधान श्रीमती सुरेखा रानी ने किसानों को बढ़ चढ़कर प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया। इस मौक़े पर वार्ड पंच श्री सुच्चा सिंह भी उपस्थित रहे।
