ऊना/सुशील पंडित : जिला ऊना मुख्यालय के कई कार्यालयों में कुछ अधिकारी व कर्मचारी पिछले 10 सालों से यहां बैठे हैं। अव ऐसे अधिकारियों और कर्मचारियों की सूची तैयार कर ली गई है और जल्द उनके यहां से तबादले भी किए जाएंगे। यह बात मंगलवार को पूर्व विधायक और कांग्रेस नेता सतपाल सिंह रायजादा ने जिला मुख्यालय के सर्किट हाउस में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ मुलाकात व पत्रकार वार्ता के दौरान कही। इस दौरान उन्होंने विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याएं सुनी, जबकि अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए विभिन्न विकास कार्यों को लेकर खाका तैयार किया।
पूर्व विधायक ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के पंजाब की सीमा से सटे 5 गांवों सनोली, मजारा, मलूकपुर, पूना और बीनेवाल में पानी की निकासी का एक व्यापक प्लान तैयार किया जाएगा, ताकि लोगों को जलभराव की समस्या से निजात दिलाई जा सके।
उन्होंने जिला मुख्यालय पर पेश आने वाली ट्रैफिक की समस्या से निपटने के लिए रिंग रोड़ का निर्माण करवाये जाने को लेकर प्रस्ताव बनाए जाने की बात कही। उन्होंने कहा कि बेशक वह विधानसभा चुनावों में जीत दर्ज नहीं कर पाए हैं, बावजूद इसके विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं का समय-समय पर निराकरण किया जाएगा। सतपाल सिंह रायजादा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू की अगुवाई में विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को जोर शोर से करवाया जाएगा।
पूर्व विधायक ने कहा कि बीजेपी कांग्रेस सरकार पर हमला करने में जल्दबाजी कर रही है, जबकि बीजेपी को इस वक्त यह देखना चाहिए कि उनकी हार आखिर क्यों हुई। पूर्व विधायक ने कहा कि बीजेपी ने विधानसभा चुनाव के दौरान रिवाज बदलने का नारा दिया था, लेकिन हिमाचल प्रदेश का रिवाज वर्तमान सुखविंदर सिंह सुक्खू की सरकार बदलने वाली है। आने वाले दिनों में सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार हिमाचल प्रदेश में रिवाज बदलकर दिखाएगी।