ऊना/सुशील पंडित: अटल बिहारी वाजपेयी राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय, बंगाणा में आज राष्ट्रीय सेवा योजना (एन.एस.एस.) के शैक्षणिक सत्र 2025-26 का इकाई स्तर पर थीम पोस्टर जारी किया गया। इस वर्ष का थीम “जलवायु संरक्षण व सामुदायिक सेवा : आने वाले कल के लिए एन.एस.एस” निर्धारित किया गया है। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डा. रमेश ठाकुर ने पोस्टर का विमोचन करते हुए कहा कि बदलते वैश्विक परिदृश्य में जलवायु परिवर्तन सबसे बड़ी चुनौती है और युवाओं की सक्रिय भागीदारी ही इसका प्रभावी समाधान प्रस्तुत कर सकती है।
एन.एस.एस. कार्यक्रम अधिकारी प्रो. सिकंदर नेगी ने जानकारी दी कि इस वर्ष की सभी गतिविधियाँ जलवायु संरक्षण, पर्यावरण संतुलन और सामुदायिक सेवा को समर्पित रहेंगी। उन्होंने विद्यार्थियों को आह्वान किया कि वे स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, ऊर्जा संरक्षण, जल प्रबंधन तथा समाज सेवा के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाएंगे।इस दौरान विद्यार्थियों ने संकल्प लिया कि वे “जलवायु संरक्षण व सामुदायिक सेवा : आने वाले कल के लिए एन.एस.एस” की भावना को आत्मसात करते हुए समाज के सतत विकास और पर्यावरण संरक्षण में सार्थक योगदान देंगे।इस अवसर पर प्रोफेसर अनु लखन पाल, एन एस एस सदस्य, प्रोफेसर किरण कुमारी, प्रोफेसर कृष्ण, एन एस एस वॉलिंटियर्स, दिव्यांशु शर्मा,अंकुश, विवेक,अभिषेक, तनु ठाकुर और वरुण आदि मौजूद रहे।