कुलदीप राजपूत का कार्यक्रम में भव्य स्वागत,प्रिंसीपल राजपाल सरोही ने स्कूल की गिनाई उपलब्धियां
ऊना/सुशील पंडित:राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हटली में आयोजित सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना कैम्प का समापन आज हर्षोल्लास के साथ हुआ। समापन समारोह में मुख्यतिथि के रूप में सेवानिवृत्त वरिष्ठ बैंक प्रबंधक कुलदीप राजपूत तथा उनकी धर्मपत्नी सेवानिवृत्त मास कम्युनिकेशन अधिकारी कांता राजपूत विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी एनएसएस स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन किया तथा समाज सेवा के क्षेत्र में युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला। मुख्य तिथि कुलदीप राजपूत ने अपने संबोधन में कहा कि एनएसएस युवा पीढ़ी को जिम्मेदारी, अनुशासन और समाज सेवा की भावना सिखाने का एक सशक्त माध्यम है।
उन्होंने स्वयंसेवकों से आह्वान किया कि वे समाज में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जागरूकता अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाएं। वहीं, कांता राजपूत ने विद्यार्थियों को अपने जीवन में नैतिक मूल्यों और मानवीय संवेदनाओं को प्राथमिकता देने का संदेश दिया।कैम्प के दौरान छात्रों ने विभिन्न सामाजिक विषयों जैसे स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, नशा मुक्ति जागरूकता, रक्तदान प्रेरणा और पर्यावरण संरक्षण पर रैलियाँ, नुक्कड़ नाटक और समूह चर्चा आयोजित कीं। समापन अवसर पर विद्यालय के प्रांगण में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए, जिनमें देशभक्ति गीत, नृत्य और नाटक शामिल रहे। कार्यक्रम में सर्वश्रेष्ठ एनएसएस स्वयंसेवकों को ट्रॉफियों से सम्मानित किया गया। बालिकाओं में रिया सरोही, तमन्ना ठाकुर, अक्षिता ठाकुर, मुस्कान राणा और मुस्कान देवी को “बेस्ट एनएसएस वॉलेंटियर्स” चुना गया, जबकि लड़कों में दीपशु, देवेंद्र, सुजल, इशांत और विशाल डोगरा को सर्वश्रेष्ठ एनएसएस स्वयंसेवक का सम्मान प्राप्त हुआ।
विद्यालय के एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी सुशील शर्मा ने बताया कि इस शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों में समाज सेवा की भावना का विकास करना और उन्हें राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित करना है। समापन पर प्रधानाचार्य ने सभी अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया तथा कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर, जिम्मेदार और संवेदनशील नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित करते हैं। इस मौके पर स्कूल स्टाफ एवं अभिभावक मौजूद रहे।