नई दिल्लीः पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड मामले में पुलिस ने कुख्यात बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के गैंग से जुड़े बदमाश बॉबी उर्फ “कबूतर” को गुरुग्राम से गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी पिछले 4 वर्षों से फरार चल रहा था। उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी और अवैध हथियार रखने जैसे गंभीर मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। जांच एजेंसियों के मुताबिक आरोपी पर पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या से पहले उनकी गतिविधियों की रेकी करने का आरोप है। दरअसल, स्पेशल सेल को इनपुट मिला था कि आरोपी दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में सक्रिय है।
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के जरिए गैंग के अन्य सदस्यों और नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। लॉरेंस बिश्नोई गैंग पिछले कुछ वर्षों में कई हाई-प्रोफाइल मामलों के कारण सुर्खियों में रहा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार बॉबी कबूतर कथित तौर पर उस शूटर शाहरुख के संपर्क में था, जिसे शुरुआत में वारदात को अंजाम देने के लिए तैयार किया गया था।
बताया जा रहा है कि जब शूटर ने मूसेवाला के साथ चल रहे AK-47 से लैस सुरक्षाकर्मियों को देखा तो उसने पीछे हटने का फैसला किया। इसके बाद साजिश में बदलाव किया गया और अन्य शूटरों को जिम्मेदारी सौंपी गई। दिल्ली पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि साजिश में और कौन-कौन शामिल थे। अधिकारियों का कहना है कि आगे की जांच के आधार पर और खुलासे हो सकते हैं। बता दें कि 29 मई 2022 को मानसा जिले के जवाहरके गांव में पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला पर अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाई थीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी।