श्रीनगरः राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने पूर्व पुलिस अफसर डिप्टी एसपी देवेंद्र सिंह से हथियार और गोला-बारूद जब्त किए जान वाले एक मामले में आतंकियों द्वारा इस्तेमाल में लाई गई 3 कारों को जम्मू-कश्मीर से जब्त किया है। यह जानकारी NIA के एक वरिष्ठ अफसर ने शनिवार को दी। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई 15 फरवरी को की गई थी। इन कारों में से आई-20 को आरोपी इरफान शफी मीर, मारुति 800 को आरोपी सैयद नवीद मुश्ताक अहमद शाह ने इस्तेमाल किया था जबकि आई20 स्पोर्ट्स तनवीर अहमद वानी के नाम पर रजिस्टर्ड है।
इन्हें यूएपी अधिनियम की धारा 25(1) के तहत जब्त किया गया है। एनआईए ने बताया कि इन कारों का इस्तेमाल कश्मीर घाटी में आतंकवादी घटनाओं के लिए किया गया था। एनआईए द्वारा जारी आधिकारिक बयान में कहा गया है कि यह मामला हिज़्ब-उल-मुजाहिदीन (एचएम) के दो सक्रिय आतंकवादियों सहित कुल 4 आरोपी व्यक्तियों की गिरफ्तारी से संबंधित है। ये सभी आतंकवादी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर से बाहर जा रहे थे।
इन्हें Hyundai i20 कार जिसका नंबर JK-03H-1738 था, से पकड़ा गया था। इन कारों की जब्ती जम्मू-कश्मीर पुलिस के डिप्टी एसपी देवेंद्र सिंह से हथियार और गोला-बारूद की बरामदगी और जब्ती के मामले में की गई थी। मामले में आगे की जांच एनआईए कर रही है। तलाशी के दौरान एके-47 राइफल, 3 पिस्तौल, 1 हथगोला, अन्य गोला-बारूद और आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई थी और इस बारे में कुलगाम के काजीगुंड पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया था। इसी मामले की जांच बाद में एनआईए को सौंप दी गई थी।
