बिहारः नवविवाहिता की गला दबाकर हत्या करने का मामला सामने आया है। घटना गोपालगंज के ऊंचकागांव थाना क्षेत्र के साखे खास गांव की है। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा और जांच शुरू कर दी। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है।
मृतका की पहचान ऊंचकागांव थाना क्षेत्र के साखे खास गांव निवासी सुनील बारी की पत्नी संजू देवी (20) के रूप में हुई है। संजू की शादी सुनील बारी से पिछले साल 25 नवंबर को हुई थी। शादी के करीब डेढ़ महीने बाद सुनील बारी कमाने के लिए दिल्ली चला गया था, जहां वह एक साड़ी कंपनी में काम करता है। संजू अपनी जेठानी और ससुर के पास रह रही थी।
मृतका की चाची के अनुसार, शादी के तीन महीने बाद संजू को उसकी जेठानी, ससुर और उनकी बेटी द्वारा प्रताड़ित किया जाने लगा। उन पर दहेज की मांग करने और मांग पूरी न होने पर मारपीट करने का आरोप है। बुधवार शाम को आरोपियों ने संजू की गला दबाकर हत्या कर दी। मृतका के पिता ने स्थानीय थाने में पति सहित 6 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया है।