दौसा : नीट छात्र द्वारा सुसाइड करने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान गणेश नगर निवासी अजीत मीणा (22) के तौर पर हुई। मंगलवार शाम को नीट का रिजल्ट आया था। वह घरवालों से ई-मित्र पर जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन काफी देर तक घर नहीं लौटा। कुछ देर बाद उसके सुसाइड की सूचना मिली। मामला दौसा शहर का है। पहचान के लिए परिजनों को मौके पर बुलाया गया। उन्होंने शव की पहचान की। इसके बाद शव को पटरी से उठाया और जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी पहुंचाया।
हेड कॉन्स्टेबल भूप सिंह ने बताया कि रात को जयपुर-आगरा हाईवे पर स्थित रेलवे ओवरब्रिज के पास युवक के ट्रेन से कटने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचे तो क्षत-विक्षत शव मिला। थाना इंचार्ज सोहन लाल ने बताया कि मृतक युवक अजीत ने नीट की एग्जाम दिया था। मंगलवार शाम को उसका रिजल्ट जारी हुआ था। इस एग्जाम में वह पास नहीं हुआ तो आहत होकर उसने सुसाइड कर लिया। वह परिजनों से ई-मित्र पर जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन काफी देर तक वापस नही आया। पुलिस ने रात को शव को जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया और पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
परिजन शव लेकर 70 किलोमीटर दूर पैतृक गांव के लिए रवाना हो गए। जानकारी के अनुसार अजीत के पिता पूरण मीणा पीटीआई हैं। अजीत ने सीकर में रहकर 12वीं क्लास के साथ ही नीट की तैयारी की थी। उसने इस बार तीसरी बार नीट का एग्जाम दिया था, पास नहीं होने पर उसने सुसाइड कर लिया। मृतक का परिवार मूलत: सिकंदरा थाना क्षेत्र के गढोरा गांव का रहने वाला है और फिलहाल दौसा के गणेश नगर में रहता है। मृतक युवक 2 बहनों का भाई था। परिजनों की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी।
