ऊना/ सुशील पंडित: पुलिस थाना अम्व के अंतर्गत आते गांव भंजाल में कार और कैंटर के बीच हुई भिडंत में करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल अम्व लाया गया। यहां से तीन की गंभीर हालत को देखते हुए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर कर दिया गया। सूचना मिलने पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार रात को चालक कुलजीत सिंह निवासी धर्मपुर तहसील मुकेरियां अपनी कार में दौलतपुर की तरफ जा रहा था। रात करीब साढ़े नौ बजे गांव भंजाल में उसकी कार आनियांत्रित होकर दौलतपुर की तरफ से आ रहे कैंटर से टकराकर दुर्घटना का शिकार हो गई। दोनों वाहनों के बीच आमने सामने हुई जोरदार टक्कर के कारण कार में सवार शिवांशी ठाकुर, सोनाली, कुलजीत सिंह, विश्वदीप सिंह व शिवांग घायल हो गए, जबकि कैंटर चालक मनीष कुमार निवासी लालसिंगी भी चोटिल हो गया। घायलों को स्थानीय लोगों ने वाहनों ने निकालकर उपचार के लिए निजी वाहन से सिविल अस्पताल अम्व पहुंचाया। यहां से गंभीर रूप से घायल हुए विश्वदीप, शिवांशी ठाकुर व शिवांग को डाक्टर ने प्राथमिक उपचार देने के बाद क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर कर दिया। हादसे की पुष्टि करते हुए डीएसपी अम्व डॉ. वसुधा सूद ने कहा कि शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपित कार चालक कुलजीत सिंह के खिलाफ केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है।