कर्रेगुट्टाः यहां की पहाड़ियों पर नक्सलियों की गुफा मिली है। यह गुफा इतनी बड़ी और गहरी है कि यहां आराम से कई नक्सली छिप सकते हैं और असला-बारूद रख सकते हैं। गुफा के अंदर पीछे की तरफ चट्टानों के बीच एक पतली सुरंग भी मिली है, जो सीधे पहाड़ी की दूसरी तरफ निकल रही है। यहां से बड़ी आसानी से कोई भी व्यक्ति एक तरफ से दूसरी तरफ आना-जाना कर सकता है।
वीडियो देखने के लिए लिंक पर क्लिक करे
साथ ही पहाड़ी में चट्टानों से रिसकर पानी भी आ रहा है। इसके अलावा गुफा में शिवलिंग भी मिला जिसमें सिंदूर-गुलाल लगा है। अब यह दावा है कि, यहां ठहरे नक्सली शिवलिंग की पूजा-पाठ भी करते थे। क्योंकि, नक्सलियों के अलावा इस पहाड़ में किसी ग्रामीण का आना संभव नहीं है। फोर्स के आने से ठीक पहले नक्सली यहां से निकल गए हैं।
दरसअल, कर्रेगुट्टा, दुर्गमगुट्टा, पुजारी कांकेर की पहाड़ियों पर फोर्स का नक्सलियों के खिलाफ देश का सबसे बड़ा ऑपरेशन चल रहा है। इस नक्सल ऑपरेशन का आज छठवां दिन है। चौथे-पांचवे दिन पहाड़ पर जवानों ने नक्सलियों के ठिकाने (गुफा) को ढूंढ निकाला। वहीं, कुछ जवान शनिवार 26 अप्रैल को कैंप, बीजापुर लौट आए हैं जिसके बाद इसकी जानकारी मीडिया को मिली है। वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। हालांकि, भारी संख्या में फोर्स अब भी मौके पर ही मौजूद है।