हिमाचल का गौरव बने वीएफआई अध्यक्ष वीरेंद्र कंवर, प्रधानमंत्री के वर्चुअल संबोधन से रचा गया इतिहास
ऊना/सुशील पंडित: वाराणसी के डॉ. सम्पूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में सीनियर नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप का भव्य उद्घाटन उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस राष्ट्रीय खेल आयोजन ने उस समय ऐतिहासिक स्वरूप ले लिया, जब देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से खिलाड़ियों, आयोजकों और खेलप्रेमियों को संबोधित किया।
इस प्रतिष्ठित आयोजन में हिमाचल प्रदेश के लिए विशेष गौरव का क्षण तब देखने को मिला, जब वॉलीबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं हिमाचल से संबंध रखने वाले वरिष्ठ नेता वीरेंद्र कंवर विशेष रूप से उपस्थित रहे। उनकी मौजूदगी ने एक बार फिर हिमाचल प्रदेश को राष्ट्रीय खेल पटल पर सम्मानजनक पहचान दिलाई।
वीरेंद्र कंवर ने प्रधानमंत्री के संबोधन को वॉलीबॉल के इतिहास का ऐतिहासिक क्षण बताते हुए कहा कि यह पहली बार है जब वॉलीबॉल फेडरेशन के किसी आयोजन में प्रधानमंत्री ने सीधे खिलाड़ियों को संबोधित किया है। उन्होंने कहा कि इससे वॉलीबॉल को देशभर में नई पहचान मिलेगी और खिलाड़ियों का मनोबल और अधिक सशक्त होगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में वॉलीबॉल को संतुलन, सहयोग और संकल्पशक्ति का प्रतीक खेल बताया। उन्होंने कहा कि बनारस की पवित्र धरती पर खिलाड़ियों को न केवल खेल का उत्साह मिलेगा, बल्कि यहां की समृद्ध आतिथ्य संस्कृति का भी अनुभव होगा। प्रधानमंत्री ने देश में खेल और खिलाड़ियों के लिए किए जा रहे व्यापक सुधारों तथा आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण पर भी प्रकाश डाला।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वॉलीबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा खेल के विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि बनारस में आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रधानमंत्री का मार्गदर्शन मिलना अपने आप में ऐतिहासिक है। उन्होंने युवाओं में खेल संस्कृति को मजबूत करने के लिए प्रदेश सरकार की प्रतिबद्धता भी दोहराई।
चार से 11 जनवरी तक आयोजित इस प्रतियोगिता में देशभर की शीर्ष वॉलीबॉल टीमें भाग ले रही हैं। उद्घाटन समारोह में खेल जगत की कई प्रमुख हस्तियों के साथ बड़ी संख्या में खिलाड़ी, अधिकारी और दर्शक उपस्थित रहे। हिमाचल प्रदेश के लिए यह आयोजन इसलिए भी गर्व का विषय है क्योंकि राष्ट्रीय वॉलीबॉल फेडरेशन का नेतृत्व प्रदेश के पास है। वीरेंद्र कंवर की सक्रिय भूमिका ने एक बार फिर साबित किया है कि हिमाचल प्रदेश राष्ट्रीय खेल मंच पर सशक्त नेतृत्व देने में सक्षम है।