ऊना/सुशील पंडित: पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान ऊना द्वारा आयोजित 10 दिवसीय मशरूम की खेती का प्रशिक्षण कार्यक्रम आज(मंगलवार) को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर पीएनबी आरसेटी के निदेशक सुधीर शर्मा ने सभी प्रतिभागियों को स्वरोजगार की दिशा में शीघ्र कदम बढ़ाने का आग्रह करते हुए कहा कि प्रशिक्षण के दौरान दी गई तकनीकी जानकारी और व्यावहारिक कौशल को अपनाकर युवा आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर होने को कहा।
उन्होंने बताया कि संस्थान से प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले अभ्यार्थियों के लिए बैंक द्वारा कम ब्याज दरों पर ऋण सुविधा उपलब्ध है, जिससे वे आसानी से अपना उद्यम शुरू कर सकें। प्रशिक्षण अवधि के दौरान प्रतिभागियों को मशरूम उत्पादन के सभी महत्वपूर्ण पहलुओं—बीज उत्पादन, यूनिट स्थापना, देखरेख, पैकेजिंग, विपणन एवं व्यवसाय प्रबंधन—के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर परीक्षक के रूप में कमल प्रकाश, भारतीय रिज़र्व बैंक के साक्षरता सलाहकार राजकुमार डोगरा तथा इसी संस्थान से पूर्व में प्रशिक्षित होकर मशरूम उत्पादन में उत्कृष्ट सफलता अर्जित कर चुकी उद्यमी विद्या विश्वकर्मा भी उपस्थित रहीं। उनकी प्रेरक सफलता ने प्रतिभागियों को स्वरोजगार के लिए और अधिक प्रोत्साहित किया।
यह प्रशिक्षण 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग के बेरोजगार युवाओं को निःशुल्क प्रदान किया गया। कार्यक्रम के दौरान उन्हें न केवल तकनीकी कौशल बल्कि एक सफल उद्यमी बनने के लिए आवश्यक प्रबंधकीय और विपणन दक्षताओं से भी अवगत करवाया गया। इस अवसर पर पीएनबी आरसेटी की संकाय सदस्य रजनी वाला, संकाय सहायक हिना डोगरा तथा मीनाक्षी भी मौजूद रहीं।
