फगवाड़ाः नगर निगम फगवाड़ा की टीम ने सुभाष नगर चौक के पास स्थित मार्कीट में व्यापक जांच अभियान चलाया। टीम ने दुकानदारों को सख्त हिदायत दी कि वे अपना सामान केवल दुकान के अंदर ही रखें और इसे बाहर न लगाएं।
नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि पिछले कई दिनों से उन्हें शिकायतें मिल रही थीं कि इस मार्कीट से गुजरना काफी मुश्किल हो गया है और ट्रैफिक जाम की समस्या भी लगातार बढ़ रही है। इन्हीं समस्याओं को देखते हुए निगम की टीम ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया और दुकानदारों को चेतावनी दी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अगर दुकानदारों ने निगम की चेतावनी के बावजूद अपने सामान को बाहर रखा, तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और चालान भी किए जाएंगे।
इसके साथ ही, अधिकारियों ने “येलों लाइन मुहिम” के बारे में भी जानकारी दी। कई जगहों पर मार्किंग स्पष्ट नहीं है, जिसे सुधारकर और विजिबल बनाया जाएगा। दुकानदारों को चेतावनी दी गई है कि येलों लाइन के अंदर ही अपना सामान रखें और इससे बाहर न फैलाएं। नगर निगम ने कहा कि यह अभियान न केवल ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए है, बल्कि मार्कीट को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए भी जरूरी है।