नई दिल्ली: ओडिशा के क्योंझर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहरीले सांप के काटने के कारण मां-बेटी दोनों की ही मौके पर मौत हो गई है। मृतकों में मां का नाम फूलमाणी नायक और बेटी का नाम जात्री नायक बताया जा रहा है। रिपोर्ट्स की मानें तो काशीपुर गांव की रहनी वाली महिला अपनी बेटी के घर गई थी। दोनों ही रात में फर्श पर सो रहे थे। इसी दौरान एक जहरीले सांप ने दोनों को काट लिया।
सांप के काटने के बाद परिवार वाले सही समय पर उन्हें अस्पताल ले जाने की जगह एक डॉक्टर के पास ले गए। डॉक्टर ने दोनों का कुछ देसी इलाज किया। इस इलाज के दौरान मां-बेटी की हालत सुधरने की जगह और भी खराब हो गई। खासतौर पर बेटी की हालत काफी खराब हो गई।
फर्जी डॉक्टर के चलते हुई मौत
परिवार ने अंत में बच्ची को थाकुरमुंडा अस्पताल में भर्ती करवाया। वहां ड्यूटी पर मौजूद एक डॉक्टर ने बताया कि शुरुआत में परिवार वाले असली कारण छुपा रहे थे। जब उन्होंने बार-बार लक्षण देखकर पूछा तो उन्होंने सच बताया कि दोनों को सांप ने काटा है। बेटी को बाद में आनंदपुर के अस्पताल में रेफर कर दिया। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
वहीं मां को भी फर्जी डॉक्टर से इलाज करवाने के बाद घर काशीपुर वापिस ले गए। घर जाकर उनकी हालत बिगड़ गई और कुछ ही देर में उसकी भी मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में सभी शोक में है। आस-पास के लोगों का कहना है कि यदि समय पर सही इलाज मिलता तो मां-बेटी की जान बच सकती थी।