ऊना/सुशील पंडित: कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक विवेक शर्मा ने बसाल स्थित जल शक्ति विभाग में जन सुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया। इस अवसर पर भारी संख्या में क्षेत्रवासी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। लोगों ने सड़क, पानी, स्वास्थ्य, शिक्षा और बिजली से संबंधित मुद्दों को विधायक के समक्ष रखा। विधायक ने सभी शिकायतों और सुझावों को गंभीरता से सुना और मौके पर ही मौजूद विभागीय अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
विधायक ने कहा कि कुटलैहड़ क्षेत्र इस समय आपदा की मार झेल रहा है। हाल ही की भारी बारिश और बाढ़ के कारण कई सड़कें व मार्ग क्षतिग्रस्त हो चुके हैं, जिसके चलते लोगों को आवाजाही में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि सबसे पहले सड़कों और जल शक्ति योजनाओं को दुरुस्त करने के लिए कार्ययोजना बनाई जाएगी। विधायक ने अधिकारियों से कहा कि जहां-जहां स्कूलों और सार्वजनिक स्थानों पर पानी की दलदल की समस्या है, वहां शीघ्र नालियों और ड्रेनेज सिस्टम को दुरुस्त किया जाए ताकि विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों को परेशानी न हो। इस अवसर पर उन्होंने विभागीय अधिकारियों को जन शिकायतों के निवारण के लिए विशेष सेल गठित करने और समयबद्ध रिपोर्ट प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए।
कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय नेताओं ने भी भाग लिया। विवेक शर्मा ने लोगों को आश्वासन दिया कि वह स्वयं नियमित रूप से क्षेत्रों का दौरा करेंगे और कार्यों की प्रगति पर नजर रखेंगे। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जनता को बुनियादी सुविधाएं हर हाल में उपलब्ध करवाई जाएंगी। इस मौके पर अधिकारी कर्मचारी एवं पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
