मंडलवाः गाजियाबाद के थाना लोनी क्षेत्र में देर रात गौ-पालक के घर पर बाइक सवार अज्ञात बदमाशों द्वारा गोली चलाने का मामला सामने आया है। गोली की घटना वहीं लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। आरोप है कि जमीनी रंजिश को लेकर परिवार की तरफ से ही सुपारी दिलवा कर यह फायरिंग करवाई गई है। गाजियाबाद के थाना लोनी क्षेत्र के मंडलवा गांव में राहुल पवार अपने परिवार के साथ रहते हैं। राहुल पवार ने बताया कि वह गाय पालकर अपने परिवार को पालते हैं।
राहुल पवार के मुताबिक रविवार देर रात उन्हें अपने घर के बाहर हॉर्न की आवाज आई। राहुल को लगा कि कोई उनसे मिलने आया है। उन्होंने बाहर का गेट खोला तो बाइक पर दो अज्ञात बदमाश दिखाई दिए। राहुल तुरंत घर की तरफ भागे इसी दौरान हेलमेट पहने एक बदमाश अंदर घुस गया और उसने फायरिंग की। फायरिंग की यह घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है। फायरिंग के दौरान घर में एक बच्चा रोता हुआ भी सुनाई दिया।
राहुल का आरोप है कि उसके ही परिवार से उसकी जमीन को लेकर विवाद चल रहा है और उन्होंने ही सुपारी देकर यह फायरिंग करवाई है। राहुल ने बताया कि कुछ दिन पहले भी उसे धमकी दी गई थी जिसकी शिकायत उसने पुलिस में की थी। एसीपी लोनी सूर्यबली मौर्य ने बताया कि राहुल की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है जांच की जा रही है। सीसीटीवी में बाइक पर दो बदमाश दिखाई दिए हैं और सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं। साथ ही खुलासे के लिए कई टीम लगा दी गई है।
