अमृतसरः भारत सरकार के नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने आज सचखंड श्री दरबार साहिब में मत्था टेका। पंजाब की अपनी पहली यात्रा पर उन्होंने श्री दरबार साहिब में मत्था टेका और देश में अमन-शांति की कामना की। संबोधित करते हुए मंत्री मोहोल ने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों में बाढ़ से भारी नुकसान हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी केंद्रीय मंत्रियों को विभिन्न बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर स्थिति का जायजा लेने का निर्देश दिया है। मोहोल ने कहा कि पंजाब के कई इलाके भी बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित हैं।
उन्होंने कहा कि बाढ़ के कारण घरों, फसलों और पशुधन को भारी नुकसान हुआ है और राहत कार्य लगातार जारी है। वह स्वयं आज मोगा जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेंगे और मौके पर जाकर नुकसान का पूरा जायजा लेंगे। केंद्र सरकार पहले ही 1600 करोड़ रुपये का राहत पैकेज जारी कर चुकी है। यदि यह राशि बाढ़ पीड़ितों के लिए अपर्याप्त होगी, तो वह स्वयं प्रधानमंत्री से लिखित में अनुरोध करेंगे, ताकि भविष्य में इस पैकेज को और बढ़ाया जा सके। मोहोल ने आश्वासन दिया कि केंद्र सरकार पंजाब सहित देश के सभी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लोगों की मदद के लिए प्रतिबद्ध है और राहत एवं पुनर्वास कार्यों में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।