लुधियाना: टिब्बा रोड स्थित इकबाल नगर इलाके में शनिवार शाम अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि सड़क पर जा रही एक बड़ी गाड़ी बिजली के तारों में फंस गई। गाड़ी में पेंट भरा हुआ था और वह सीएनजी पर चल रही थी। तारों से टकराने के बाद गाड़ी नजदीकी ट्रांसफार्मर से टकरा गई, जिससे जोरदार धमाका हुआ और आग भड़क उठी।
आग इतनी तेजी से फैली कि पास के तीन घर उसकी चपेट में आ गए। गनीमत रही कि घरों के लोग समय रहते बाहर निकल आए और किसी की जान नहीं गई। हालांकि, घरों को आग से भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से घटना की जांच कराने और भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।
