हनुमानगढ़ः जिले में आज सुबह भीषण सड़क हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई। सुबह करीब 11 बजे कार और ट्रॉले की आमने-सामने की भिड़ंत के बाद 3 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद ट्राले का ड्राइवर फरार हो गया।
एएसआई परमिंदर सिंह ने बताया कि जोधपुर जिला के फलोदी निवासी लक्ष्मीनारायण (45) और उसकी पत्नी राजूदेवी (40) ड्राइवर गंगाराम (29) के साथ हनुमानगढ़ जिले के रावतसर जा रहे थे। जानकारी के अनुसार दंपती ने अपने बेटे का रिश्ता हनुमानगढ़ के रावतसर कस्बे में किया हुआ था। दोनों अपने बेटे की शादी को लेकर बातचीत करने ही रावतसर जा रहे थे। इसी दौरान दुधली गांव के पास हादसा हो गया। हादसे में पति-पत्नी और कार ड्राइवर गंगाराम (29) की मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि मृतक कार ड्राइवर गंगाराम अपने भाई की ही गाड़ी किराए पर लेकर आया था। भाई की गाड़ी लेकर वह दुधली के पास पहुंचा तो सामने से आ रहे ट्राले में उनकी टक्कर हो गई। एएसआई परमिंदर सिंह के अनुसार हादसा ओवर स्पीड और ओवरटेक की जल्दबाजी के कारण हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर पोस्टमार्टम के लिए शव अस्पताल पहुंचा दिया है।
