इंदौरः मध्य प्रदेश के इंदौर में 5 मंजिला इमारत गिर गई। मिली जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर 60 के रानीपुरा इलाके में एक 5 मंजिला इमारत अचानक ढह गई। यह घटना जवाहर मार्ग पर एक पार्किंग स्थल के पास हुई, जो सेंट्रल कोतवाली पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में आता है। बताया जा रहा है कि हादसे में दो लोगों की मौत हो चुकी है। अब तक 12 लोगों को मलबे में रेस्क्यू करके निकाला गया है, जिनका इलाज जारी है। इमारत पहले से ही जर्जर थी और बारिश होने के कारण वो पूरी तरह गिर गई।
इनमें 3 महीने की बच्ची भी शामिल है। घायलों में से 4 लोगों की हालत गंभीर है। कलेक्टर शिवम वर्मा ने बताया कि हादसे में अल्फिया (20) पिता रफीउद्दीन और फहीम की मौत हो गई। अल्फिया को रात करीब डेढ़ बजे जबकि फहीम का शव मंगलवार सुबह करीब 4 बजे निकाला जा सका। सभी घायलों को भी एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।जानकारी के मुताबिक, इस 3 मंजिला बिल्डिंग में 4 परिवार रहते हैं। इनमें से 9 लोग किसी रिश्तेदार के यहां गए थे जबकि मलबे में 14 लोग दब गए थे। मकान सम्मू बाबा का है और करीब 10-15 साल पुराना है। ये भी बताया जा रहा है कि बारिश के कारण बिल्डिंग में दरारें पड़ गई थीं। मकान के तलघर में पानी भरा रहता था, इसी वजह से ये धंस गया था।
हादसे की सूचना मिलते ही कलेक्टर शिवम वर्मा और पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह समेत पुलिस और प्रशासन के कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। नगर निगम के अधिकारियों के साथ ही महापौर पुष्यमित्र भार्गव और भाजपा विधायक गोलू शुक्ला समेत कई जनप्रतिनिधि भी पहुंचे। मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। जिसे पुलिस ने हटाया। बिजली कंपनी ने इलाके की लाइट बंद कर दी। रेस्क्यू टीम ने बिजली के तारों को काट दिया ताकि रेस्क्यू तेजी से किया जा सके।