यूपी डेस्क। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने रविवार को पुलिस विभाग में एक बार फिर बड़े पैमाने पर तबादले किए हैं। सरकार ने 23 एडिशनल एसपी (Additional SP) रैंक के अधिकारियों को इधर-उधर भेजा है। इसके अलावा दो अफसरों के आदेशों में संशोधन भी किया गया है। जिनकी सरकार ने तबादला सूची जारी किया है।
इसी बीच नोएडा से वाराणसी कमिश्नरेट भेजे गए बीएस वीर कुमार की पोस्टिंग में बदलाव किया गया है। उनके अनुरोध पर अब उन्हें गाजियाबाद की 47वीं वाहिनी पीएसी (Provincial Armed Constabulary) में उप-सेनानायक (Deputy Commandant) की जिम्मेदारी दी गई है।

संतोष कुमार सिंह सेकेंड का ट्रांसफर रद्द
डीजीपी मुख्यालय में कार्यरत संतोष कुमार सिंह सेकेंड का गोरखपुर में एडिशनल एसपी सुरक्षा के पद पर तबादला किया गया था, लेकिन अब उनका यह स्थानांतरण रद्द कर दिया गया है। उनकी जगह शामली के अपर पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह प्रथम को गोरखपुर भेजा गया है। इससे गोरखपुर में सुरक्षा से जुड़ी जिम्मेदारी अब नए अधिकारी के पास होगी।

प्रदेश की कानून-व्यवस्था को मजबूत रखने और प्रशासनिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कुछ और अहम अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं।
सीताराम की नई जिम्मेदारी डीजीपी मुख्यालय में
प्रयागराज पुलिस कमिश्नरेट में एडिशनल डीसीपी के रूप में सेवाएं दे रहे सीताराम को अब डीजीपी मुख्यालय की लीगल सेल में तैनात किया गया है। यह पद क़ानूनी मामलों और पुलिस प्रशासन के बीच समन्वय का काम देखता है।
सुमित शुक्ला और सच्चिदानंद का ट्रांसफर
नोएडा में तैनात सुमित शुक्ला को अब शामली के अपर पुलिस अधीक्षक (Additional SP) के पद पर भेजा गया है।वहीं गाजियाबाद में कार्यरत सच्चिदानंद को लखनऊ के एसएसएफ मुख्यालय में स्थानांतरित किया गया है। एसएसएफ (Special Security Force) में उनकी भूमिका राजधानी क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना होगी।
