नई दिल्ली : सूरत के गोडादरा इलाके में गैस पाइपलाइन में लीकेज के कारण भीषण आग लगने की घटना सामने आई है। इस घटना में चार लोग आग की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गये। इसके अलावा करीब 5 दुकानें और लाखों का सामान जलकर खाक हो गया है। अचानक आग ने भीषण रूप धारण कर लिया और लोगों में अफरा-तफरी मच गयी। देखते ही देखते आग ने धीरे-धीरे पांच दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया और दो मोबाइल फोन समेत पांच दुकानें जलकर खाक हो गईं।
जानकारी के अनुसार गोडादरा में अंडरग्राउंड केबल वायरिंग का काम चल रहा था। इसी दौरान गैस पाइपलाइन में लीकेज हुआ और अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और आस-पास की दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की सूचना दमकल विभाग को दी गई। सूचना मिलते मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
फायर ब्रिगेड अधिकारी ने बताया कि आग बुझाने के दौरान कई लोग नीचे भागे जिससे भगदड़ मच गई। ऊपर रहने वाले चार लोग झुलस गए जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस हादसे में पांच दुकानें पूरी तरह जल गईं। जिससे व्यापारियों को लाखों का नुकसान हुआ। घटना के बाद नाराज दुकानदार सड़कों पर उतर आए और प्रशासन से मुआवजे की मांग की। साथ ही उन्होंने घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की।
