चंबाः हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के बीच जगह-जगह भूस्खलन की घटनाएं सामने आ रही है। जिला चंबा में मंगलवार को पुल टूटने के बाद बुधवार को एचआरटीसी की बस पहाड़ से गिरी चट्टान की चपेट में आकर दुर्घटनाग्रस्त होने से बाल-बाल बच गई। दरअसल, भरमौर-हड़सर-कुगती रूट पर चलने वाली एचआरटीसी की बस पर (HP-73-8780) अचानक पहाड़ी से पत्थर आ गिरे। इस दौरान बस का सतुंलन बिगड़ गया और बस का अगला टायर सड़क से बाहर निकल गया। गनीमत, ये रही कि पहाड़ी से गिरते पत्थरों को देख चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए आपातकाल में ब्रेक लगा बस रोक दी।
View this post on Instagram
जिससे बड़ा हादसा होने से बचा लिया और सवारियों को बस से नीचे उतारा। जिससे सवारियां बड़े हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गई। जिस समय बस पर पत्थर गिरे उस समय बस में 20 के करीब सवारियां मौजूद थी। घटना के दौरान सवारियों में चीख-पुकार मच गई। बस से उतर सवारियों ने बस का टायर देखा तो उन्होंने बस चालक का अनमोल जिंदगियां बचाने पर उनका आभार जताया। सवारियों में अमित कुमार, किशन चंद, अशोक कुमार, प्रमोद कुमारने बताया कि रोजाना वे इसी बस में क्षेत्र में आवाजाही करते हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस कुछ पल के लिए नियंत्रण से बाहर हो गई थी और गहरे नाले की दिशा में बढ़ने लगी।
हालांकि, क्रैश बैरियर ने बस को रोक लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। यदि क्रैश बैरियर न होता, तो बस गहरी खाई में गिर सकती थी। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और प्रशासन को इसकी सूचना दी। पहाड़ी क्षेत्रों में इस तरह की घटनाएं अक्सर सामने आती हैं, खासकर बारिश और भूस्खलन के दौरान, जिससे यातायात पर खतरा बना रहता है। प्रशासन से मांग की जा रही है कि संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा उपायों को और मजबूत किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।