ओडिशा: बालासोर ट्रेन हादसे के बाद एक और बुरी खबर सामने आई है। बालासोर के बाद अब टाटा स्टील कंपनी में बड़ा हादसा हो गया। ओडिशा ढेंकनाल में टाटा स्टील के मेरामंडली प्लांट में यह हादसा हुआ है। हादसे में 19 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। टाटा स्टील ने अपने बयान में कहा कि ओडिशा के ढेंकनाल में टाटा स्टील मेरामंडली वर्क्स में भाप के निकलने के कारण बीएफपीपी2 पावर प्लांट में हादसा हुआ है। हादसे की इस खबर से काफी दुख पहुंचा है। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया गया कि निरीक्षण कार्य के दौरान और साइट पर काम करने वाले 19 लोग भाप की चपेट में आ गए। जिससे कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए। सभी घायलों को इलाज के लिए तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के तुरंत बाद, सभी आपातकालीन प्रोटोकॉल सेवाओं को सक्रिय कर दिया गया है। इसके साथ ही प्लांट को बंद कर दिया गया है। सभी घायलों को इलाज के लिए कटक के अश्विनी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक इस हादसे में कम से कम 19 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, कुछ गैस रिसाव के बाद भाप का पाइप फटने के बाद यह हादसा हुआ है। इस घटना में निरीक्षण कर रहे कुछ मजदूर और इंजीनियर घायल हो गए हैं। गर्म पानी गिरने से सभी लोग घायल हुए हैं। शुरुआत में इन सभी को प्लांट के अंदर मेडिकल यूनिट में प्राथमिक उपचार दिया गया था। ढेंकानाल के एसपी ज्ञानरंजन महापात्र ने कहा कि गर्म पानी ले जाने वाला वॉल्व खुल गया और इस घटना में करीब 19 लोग घायल हो गए हैं।
कटक स्थित अश्विनी अस्पताल के डॉ. सुब्रत जेना ने कहा कि कुल 19 मरीजों को यहां लाया गया था। ये सभी झुलस गए हैं। 19 मरीजों में से 2 मरीजों को फ्रैक्चर भी हुआ है। जिनमें से 6 मरीज 40 प्रतिशत से ऊपर जल चुके हैं। एक मरीज 70 प्रतिशत से अधिक जल चुका है। उनका इलाज आईसीयू में चल रहा है।