प्रयागराजः 13 जनवरी से महाकुंभ शुरू होने जा रहा है। इसको लेकर लोगों में काफी उत्साह देखा जा रहा है। वहीं प्रशासन भी महाकुंभ को सुविधाजनक बनाने के लिए विभिन्न प्रयास कर रहा है। महाकुंभ में आने वाले श्रद्धालु आसानी से संगम क्षेत्र पहुंच सकें इसके लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं।
सीएम योगी के निर्देश पर सड़क परिवहन विभाग मेले के दौरान 550 शटल बसें चलाएगा। इसकी शुरूआत 2 जनवरी को एयरपोर्ट से सिविल लाइंस के लिए चलाई गई इलेक्ट्रिक बस के साथ हो गई है। शेष रूटों पर 5 जनवरी से शटल बस सेवा पूरी तरह शुरू हो जाएगी। महाकुंभ में आने वाले श्रद्धालुओं की भारी संख्या और उनकी सुविधा को देखते हुए सड़क परिवहन विभाग की अधिकांश शटल बसें प्रयागराज आ चुकी हैं, उनके रूट और किराये का भी निर्धारण हो गया है।
5 जनवरी से प्रयागराज के अधिकतर रूटों पर शटल बस सेवा शुरू हो जाएगी जिससे न्यूनतम किराये पर श्रद्धालु और प्रयागराजवासी शहर के अंदर आसानी से सफर कर सकेंगे। ये शटल बसें सामान्य दिनों में सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक और मुख्य स्नान पर्वों पर 24 घंटे सेवाएं देंगी। शहर के अंदर लगभग 10 रूट और शहर के आस पास देहात के लगभग 17 रूटों पर शटल बसे चलेंगी।
