जालंधरः पंजाब के कैबिनेट मंत्री Sanjeev Arora आज जालंधर पहुंचे, जहां उन्होंने मीडिया से बातचीत के दौरान राज्य के औद्योगिक विकास को लेकर कई अहम बातें साझा कीं। मंत्री ने कहा कि पंजाब में उद्योगपति सरकार की कार्यप्रणाली से संतुष्ट हैं और सरकार की नीतियों की सराहना कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि वे जालंधर के डिप्टी कमिश्नर के साथ शहर के विकास और औद्योगिक ढांचे को मजबूत करने के लिए बैठक करेंगे।
इस दौरान उन्होंने एक बड़ी योजना का जिक्र करते हुए बताया कि सरकार जालंधर में लगभग 25 एकड़ क्षेत्र में नया फोकल प्वाइंट विकसित करने की योजना बना रही है, जिससे उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। मंत्री ने आगे कहा कि आने वाले समय में राज्य सरकार ग्रीन एनर्जी को प्राथमिकता देगी, ताकि पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ सतत विकास सुनिश्चित किया जा सके।
इसके अलावा, उन्होंने जानकारी दी कि सरकार सभी फोकल प्वाइंट्स और उद्योगों के लिए एक नई ऑपरेशन मैनेजमेंट पॉलिसी एक्ट लाने की तैयारी कर रही है, जिससे औद्योगिक क्षेत्रों के प्रबंधन को और अधिक व्यवस्थित और प्रभावी बनाया जा सके। सरकार की इन पहलों से राज्य में औद्योगिक विकास को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
पंजाब में इंडस्ट्री का विकास हो रहा है
बातचीत के दौरान कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा ने कहा कि आज MSME इंडस्ट्री के साथ हुई बैठक बहुत अच्छी रही। इसमें इंडस्ट्री से आए सभी लोगों ने अपनी-अपनी समस्याएं बताईं, जिन्हें हम हर संभव तरीके से हल करके उन्हें लाभ पहुंचाने की कोशिश करेंगे, ताकि पंजाब प्रगति के पथ पर आगे बढ़ सके। हालांकि, इस बैठक से मुझे यह बात पक्के तौर पर पता चली कि जिस तरह से पंजाब में सरकार लगातार काम कर रही है, उसे देखते हुए पंजाब में इंडस्ट्री का विकास हो रहा है। नई-नई इंडस्ट्रीज़ आ रही हैं और पंजाब में ज़्यादा से ज़्यादा निवेश कर रही हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि इंडस्ट्री से जुड़े लोगों ने उन्हें बताया कि उन्हें स्थानीय निकायों, बिजली और भूमि प्रशासन से जुड़ी कई समस्याएं हैं। सरकार इन समस्याओं को हर हाल में हल करेगी, जिससे पंजाब की इंडस्ट्री और भी तेज़ी से आगे बढ़ेगी। उन्होंने यह भी कहा कि पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति देश के कई अन्य राज्यों की तुलना में बेहतर है। उन्होंने यह भी बताया कि सरकार हर तरह से इंडस्ट्री की मदद कर रही है। सरकार पंजाब में नई इंडस्ट्रीज़ लाने के लिए पूरी तरह तैयार है। वह उन्हें हर संभव संसाधन उपलब्ध कराएगी, जिससे वे पंजाब में अपनी इंडस्ट्रीज़ को और बेहतर तरीके से विकसित कर सकें और पंजाब को आगे ले जा सकें।