नई दिल्ली: साउथ डिस्ट्रिक्ट की स्पेशल स्टाफ टीम ने ऊंटों के सहारे अवैध शराब तस्करी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 2 ऊंटों में लदे अवैध शराब के 39 कार्टन बरामद किए हैं। आरोपी की पहचान 48 वर्षीय विनोद भड़ाना निवासी फरीदाबाद के रूप में हुई है। आरोपी दिल्ली-फरीदाबाद बॉर्डर की चेकिंग से बचने के लिए जंगल के रास्तों का इस्तेमाल कर रहा था। पुलिस के मुताबिक रात को सूचना मिली थी कि फरीदाबाद की तरफ से संगम विहार के जंगलों के रास्ते दिल्ली में अवैध शराब लाई जा रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके में जाल बिछा दिया। देर रात पुलिस को एक व्यक्ति दो ऊंटों के साथ संदिग्ध हालत में आता दिखाई दिया। जांच करने पर पता चला कि ऊंटों पर शराब की पेटियां लादी हुई थीं। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान 39 कार्टन अवैध शराब बरामद हुईं। पुलिस ने शराब को जब्त कर लिया और ऊंटों को भी सुरक्षित बचाकर संबंधित विभाग को सौंप दिया। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी सड़क मार्ग पर पुलिस की सख्त चेकिंग से बचने के लिए जंगल के रास्तों का इस्तेमाल करता था और शराब ढोने के लिए ऊंटों का सहारा लेता था, ताकि पुलिस की नजर से बच सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऑपरेशन कवच के तहत दिल्ली-फरीदाबाद सीमा पर लगातार सख्ती की जा रही है। इसी वजह से तस्करों ने यह अनोखा तरीका अपनाया था। हालांकि पुलिस की सतर्कता के चलते उनका यह तरीका ज्यादा दिन नहीं चल पाया और आरोपी पकड़ा गया। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पहले भी अवैध शराब के मामले में शामिल रहा है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस रैकेट में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और शराब कहां सप्लाई की जानी थी। बता दें कि इससे पहले भी 12 सितंबर 2025 को डिस्ट्रिक्ट की एटीएस ने 3 ऊंटों के साथ 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया था।