हापुड़ः इलाहाबाद हाईकोर्ट के वकील हापुड़ पुलिस के द्वारा हुए लाठी चार्ज की घटना के विरोध में आज बुधवार को हड़ताल पर हैं। वकील हाईकोर्ट के अलग-अलग गेटों पर नारेबाजी कर प्रदर्शन करते रहे। हापुड़ में वकीलों पर पुलिस द्वारा लाठी चार्ज की घटना से नाराज वकीलों ने हाईकोर्ट के गेट नंबर-3 के बाहर पुतला भी फूंका। प्रदर्शन के दौरान एक वकील ने वहां पर एक पुलिस कर्मी को थप्पड़ मारा। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ वकीलों ने एफआईआर दर्ज करने और कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
अधिवक्ताओं के आक्रोश को देखते हुए यहां हाईकोर्ट के आसपास बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई। उत्तर प्रदेश बार काउंसिल के पूर्व अध्यक्ष पांचू राम मौर्य ने कहा, सरकार को हापुड़ में हुई घटना को गंभीरता से लेनी चाहिए और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। वकीलों ने कहा कि पुलिस प्रशासन की ओर से आए दिन वकीलों के साथ मारपीट जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं। पुलिसकर्मियों पर कोई कार्रवाई नहीं होती है।
यही कारण है कि इस तरह की बार घटनाएं बार बार हो रही हैं। ऐसी घटनाएं दोबारा ना हो इसके लिए वकीलों ने एडवोकेट्स प्रोटेक्शन एक्ट की मांग भी किया। लखनऊ बेंच के वकील भी आज न्यायिक कार्य से विरत हैं, कई जिलों के वकीलों ने भी आज कार्य बहिष्कार किया है। वकीलों की हड़ताल के चलते आज तमाम मुकदमों की सुनवाई टल गई है जिससे वादियों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ा। यूपी बार काउंसिल के आह्वान पर पूरे प्रदेश भर में आज हड़ताल पर हैं। बार काउंसिल ने दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
