बेगूसरायः यहां एक जमीन कारोबारी की गोली मारकर हत्या करने का मामला सामने आया है। छपरा SP के सरकारी ड्राइवर विशाल कुमार के पिता विद्यानंद महतो (63) को बदमाशों ने दिनदहाड़े गोलियों से भून डाला। उन्हें सिर, छाती और कमर सहित 4 जगहों पर 4 गोली मारी गई, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना जिला मुख्यालय के लोहिया नगर और सिंघौल थाना क्षेत्र के सीमावर्ती मोहल्ले की है।
जानकारी देती मृतक विद्यानंद महतो की पत्नी जानकी देवी ने बताया कि वह नागदह स्कूल में शिक्षिका हैं। आज वह किसी काम से अचानक बाहर गई थी, जिसका आवेदन पहुंचाने के लिए विद्यानंद महतो बाइक से स्कूल गए थे। स्कूल से लौटते ही सुबह 9:40 बजे शांति शाह चौक के पश्चिम हंस सेवा सदन के पास बाइक सवार बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया। इसके बाद बदमाश शांति शाह चौक पर आए और यहां दो राउंड गोली फायर करते हुए पचंबा की ओर भाग निकले।
विद्यानंद महतो खेती किसानी करने के साथ-साथ जमीन ब्रोकर का काम भी करते थे। एक जमीन को लेकर करीब 2 महीने से किसी के साथ उनका विवाद चल रहा था। इसी को लेकर आज दिनदहाड़े घटना को अंजाम दिया गया है। वहीं फायरिंग की आवाज सुनकर पहुंचे लोगों ने विद्यानंद महतो को सदर अस्पताल लाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही SP मनीष घटनास्थल पर पहुंचे और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। घटनास्थल के कुछ दूर पहले से लेकर बदमाशों के भागने वाले रास्ते की ओर तक लगे CCTV कैमरे को खंगाला जा रहा है।
