ऊना/सुशील पंडित: आगामी विधानसभा चुनावों का बिगुल बजने को कुछ ही दिन शेष बचे हैं और चुनाव आयोग व उपायुक्त ऊना राघव शर्मा के आदेशानुसार जिला प्रशासन द्वारा लगभग सारी तैयारियां मुकम्मल कर ली गई हैं, ऐसे में जिला का कोई भी मतदाता अपना मत डालने से वंचित ना रहे, इसके लिए चुनाव आयोग द्वारा अधिकृत अधिकारियों व कर्मचारियों ने कसरत तेज कर दी है, इसी कड़ी के बीच रविवार को जिला ऊना के विधानसभा क्षेत्र कुटलैहड़ के अधीनस्थ पड़ती ग्राम पंचायत कुरियाला, झंबर, अपर कोटला व लोअर कोटला में सेक्टर ऑफिसर एवं खंड विकास अधिकारी बंगाणा द्वारा लोगों को अधिक से अधिक अपने मत का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान सेक्टर ऑफिसर रमेश कुमार ने कहा कि हरेक नागरिक अपने वोट की ताकत को पहचाने, और उसका सही प्रयोग कर आगामी 5 वर्ष के लिए अपनी सरकार चुनें। उन्होंने उपस्थित नागरिकों को चुनाव संबंधी अनेकों जानकारियां देते हुए बताया कि आपकी वोट में इतनी ताकत है कि उसके आधार पर ही आज भारत देश का लोकतांत्रिक संविधान आधारित है, उन्होंने कहा कि हम सभी का दायित्व बनता है कि अधिक से अधिक मत का प्रयोग कर एक अच्छे सुशासन वाली सरकार चुने।
इससे पहले उन्होंने उक्त पंचायतों के जनप्रतिनिधियों व चुनाव आयोग द्वारा अधिकृत बीएलओ से बूथ लेवल पर वोट लिस्ट की जानकारी हासिल की। उन्होंने संबंधित बूथ के बीएलओ को आदेश जारी करते हुए कहा कि 1 अक्टूबर 2022 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके जितने भी युवा हैं उनके समय रहते वोट बनाए जाएं और जिन मतदाताओं का नाम वोटर लिस्ट में शामिल नहीं है लेकिन उन्होंने पहले वोट डाली है तो जल्द से जल्द उन मतदाताओं का नाम वोटर लिस्ट में पंजीकृत कराएं, ताकि कोई भी नागरिक आगामी चुनावों में अपना वोट डालने से वंचित न रह सके। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग का यही लक्ष्य है कि इस बार हर बूथ स्तर पर 100% मतदान हो और यह चुनाव एक उत्सव के रूप में मनाया जाए।
इस मौके पर पंचायत प्रधान प्रवेश कुमार, उप-प्रधान जीवन शर्मा, पंचायत सचिव हरपाल सिंह, वार्ड पंच चिरंजीलाल, अर्चित शर्मा, सुनीता, ममता, संतोष कुमारी, बीएलओ नरेश कुमारी सहित ग्रामीण उपस्थित रहे।
