ऊना/सुशील पंडित: ऊना पुलिस ने बैंक धोखाधड़ी मामले में मुकदमा दर्ज किया है। मामला सदर थाना ऊना में कई आरोपितों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के अंतर्गत दर्ज हुआ है।
पुलिस को दी शिकायत में शिकायतकर्ता गुरदेव सिंह पुत्र संता सिंह, निवासी गांव व डाकघर हरोली, तहसील हरोली, जिला ऊना (भूतपूर्व सैनिक) ने आरोप लगाते हुए बताया कि वर्ष 2015 में उनकी बेटी हरजिंदर कौर और उसके पति मुकेश कुमार ने उन्हें धोखे से बैंक लोन के कागजात पर साइन करवाए। उन्होंने भरोसा दिलाया था कि यह लोन मुकेश कुमार के नाम पर लिया जा रहा है और इसके लिए गवाहों की जरूरत है।
शिकायत के अनुसार तत्कालीन बैंक प्रबंधक, डीलिंग क्लर्क और अन्य आरोपित रक्षा देवी (निवासी गुगलैहड़, तहसील घनारी, जिला ऊना) की मिलीभगत से कागजात में हेरफेर कर गुरदेव सिंह के नाम पर लोन स्वीकृत किया गया। बाद में लोन की राशि कैशियर ने सीधे मुकेश कुमार को सौंप दी, जबकि शिकायतकर्ता को इसका एक रुपया भी नहीं मिला।
पुलिस ने आरोपितों हरजिंदर कौर, मुकेश कुमार, तत्कालीन बैंक मैनेजर और रक्षा देवी के खिलाफ भवन धाराओं के अंतर्गत पुलिस थाना सदर ऊना में मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
