पंचकूला : हरियाणवी गायक रॉकी मित्तल द्वारा सेक्टर 5 थाने में दर्ज करवाई गई एफआईआर में तीसरी महिला आरोपी को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने पहले आरोपी अमित बिंदल और एक अन्य आरोपी महिला को गिरफ्तार किया था। तीसरी महिला की पहचान रोपी के रूप मे हुई है।
थाना प्रभारी सेक्टर 5 सुखविंदर सिंह ने बताया कि इस मामले में पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से पूछताछ करेगी ताकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की जा सके। आरोपी अमित बिंदल और दो महिलाओं को कोर्ट में पेश किया गया था। कोर्ट ने अमित और रोपी का दो दिन का पुलिस रिमांड दिया है। जबकि पहले गिरफ्तार की गई महिला को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
हिमाचल प्रदेश के कसौली में दर्ज हुए रेप मामले में हिमाचल पुलिस ने बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडोली और हरियाणवी सिंगर रॉकी मित्तल को आरोपी बनाया था। इस मामले में रॉकी मित्तल के द्वारा आरोप लगाए गए थे कि शिकायतकर्ता के द्वारा उन्हें फोन कर उनके साथ मिलकर मोहनलाल बडोली को फसाने और पैसे ऐंठने के लिए फोन किया था।
जिसके बाद हरियाणवी सिंगर रॉकी मित्तल ने पंचकुला के सेक्टर 5 थाने में इसकी शिकायत दर्ज करवाई थी। जिसकी जांच कर पुलिस ने 6 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। जिसमें कसौली रेप केस मामले में पीड़ित महिला को भी आरोपी बनाया गया था।
