राजनीतिक षड्यंत्र के तहत प्रताड़ित करने का किया था काम: राज कुमार वर्मा
ऊना/ सुशील पंडित: कुटलैहड़ भाजपा मंडल बंगाणा के अध्यक्ष राजेंद्र मालागढ़ एवं डेरा बाबा रूद्रानंद के अध्यक्ष राज कुमार वर्मा ने प्रदेश के माननीय हाई कोर्ट से ठेकेदार कर्ण राज के पक्ष में फैसला सुनाने पर सच्चाई की जीत करार दिया। उन्होंने कहा कि माननीय हाई कोर्ट द्वारा पुनः ठेकेदार कर्ण राज को टेंडर सौंपने के निर्देश भी दे दिए हैं। यह निर्णय उस समय आया जब यह स्पष्ट हुआ कि भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक दविंदर भुट्टो के बेटे कर्ण राज को एक सुनियोजित राजनीतिक षड्यंत्र के तहत परेशान किया गया था। यह मामला लंबे समय से चर्चा में था और अब हाई कोर्ट के इस ऐतिहासिक फैसले से सच्चाई की जीत हुई है।

मंडल अध्यक्ष राजेंद्र मलांगड़ एवं राज कुमार वर्मा ने बताया कि कर्ण राज के खिलाफ झूठी कहानियां गढ़कर उसे प्रताड़ित किया गया और उसके टेंडर को गलत तरीके से निरस्त कर दिया गया था। यह षड्यंत्र सत्ता और विपक्ष के कुछ प्रभावशाली लोगों द्वारा रचा गया था, जिससे कर्ण राज के व्यवसाय को नुकसान पहुंचाया जाए और उसे आर्थिक संकट में धकेल दिया जाए। उन्हेंने बताया कि ठेकेदार कर्ण राज ने अपनी मेहनत और ईमानदारी से कई सरकारी परियोजनाओं को सफलतापूर्वक पूरा कर रहा था, लेकिन एक साजिश के तहत उसे बदनाम कर टेंडर से वंचित कर दिया गया। राजेंद्र मलांगड़ एवं राज कुमार वर्मा ने बताया कि बरिष्ठ अधिवक्ता विनय शर्मा ने हाई कोर्ट में कर्ण राज का पक्ष मजबूती से रखा।
उन्होंने ठोस प्रमाण और कानूनी दलीलों के आधार पर सिद्ध किया कि कर्ण राज के खिलाफ लगाए गए आरोप झूठे और आधारहीन थे। अदालत को यह भी बताया कि किस प्रकार प्रशासनिक प्रक्रियाओं का दुरुपयोग कर कर्ण राज को अनुचित तरीके से बाहर कर दिया गया।
उन्होंने बताया कि माननीय हाई कोर्ट में पेश किए गए सबूतों और साक्ष्यों के आधार पर, न्यायालय ने कर्ण राज के पक्ष में निर्णय दिया और प्रशासन को निर्देश दिया कि उसे पुनः टेंडर सौंपा जाए। उन्होंने कहा कि माननीय हाई कोर्ट ने इस मामले की सुनवाई करते हुए कहा कि न्याय व्यवस्था का मूल सिद्धांत निष्पक्षता और पारदर्शिता है। कर्ण राज के साथ हुए अन्याय को देखते हुए अदालत ने न केवल उसके टेंडर को बहाल करने के आदेश दिए, बल्कि इस प्रकार की साजिशों के खिलाफ कड़ी चेतावनी भी दी। कोर्ट के इस फैसले से यह स्पष्ट हो गया कि कानून के समक्ष सभी समान हैं और किसी भी निर्दोष व्यक्ति को झूठे आरोपों के चलते प्रताड़ित नहीं किया जा सकता।
स्थानीय जनता और व्यापारिक समुदाय में खुशी की लहर
भाजपा नेता बलराम बबलू,सूरम सिंह, कृष्ण पाल शर्मा, सुषमा ठाकुर,संतोष सैनी, उपप्रधान जीवन शर्मा, अभय सिंह राणा,अरुण मनकोटिया,राज कुमार, प्रधान महिंद्र सिंह राणा, सुमित वशिष्ठ, बाबा कमल दास,राजीव कुमार के अलावा सैकड़ों समर्थकों ने ठेकेदार कर्ण राज के इस फैसले के बाद सच्चाई की जीत बताते हुए माननीय हाई कोर्ट का आभार और वरिष्ठ अधिवक्ता विनय शर्मा धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि कुटलैहड़ के वरिष्ठ समाजसेवी जनता के सदा सुख दुख में साथ देने वाले पूर्व विधायक दविंदर भुट्टो के राजनीतिक जीवन को खराब और भ्रष्टाचार का धब्बा लगाने के लिए उनके बेटे ठेकेदार कर्ण राज को झूठे षड्यंत्रों के तहत प्रताड़ित करने की कोशिश की गई थी।
लेकिन षड्यंत्रकारी सफल नहीं हो सके। सभी गणमान्य ने इस फैसले का स्वागत किया और कहा कि यह उन सभी लोगों के लिए उम्मीद की किरण है, जो राजनीतिक षड्यंत्रों के शिकार होते हैं। माननीय हाई कोर्ट के इस ऐतिहासिक फैसले ने न केवल ठेकेदार कर्ण राज को न्याय दिलाया, बल्कि उन सभी लोगों को एक संदेश दिया जो अन्याय और राजनीतिक षड्यंत्रों का सामना कर रहे हैं। यह मामला भारतीय न्याय प्रणाली की निष्पक्षता को दर्शाता है और साबित करता है कि सच्चाई की हमेशा जीत होती है।
