एक देसी पिस्टल, पांच कारतूस बरामद और बाइक भी पुलिस ने की जब्त
कपूरथलाः आधा किलो हेरोइन की खेप समेत बीए के छात्र को पुलिस ने साथी समेत काबू किया है। थाना सुल्तानपुर लोधी की पुलिस ने दोनों आरोपियों से हेरोइन के अलावा एक पिस्टल 7.65 एमएम और पांच कारतूस भी बरामद किए हैं। आरोपियों का बाइक भी पुलिस ने जब्त कर लिया है। अदालत में पेश कर दोनों आरोपियों को पुलिस ने दो दिन का रिमांड हासिल किया है।
कांफ्रेंस में एसपी-डी सरबजीत राय ने बताया कि डीएसपी-डी परमिंदर सिंह, डीएसपी-सुल्तानपुर लोधी गुरमीत सिंह, टेक्निकल सेल इंचार्ज एएसआई चरणजीत सिंह और सीआईए इंचार्ज जरनैल सिंह के नेतृत्व में एएसआई केवल सिंह पुलिस बल के साथ लिंक रोड गांव भौर के समीप गश्त कर रहे थे। इस दौरान पुलिस को एक बाइक पर सवार होकर दो युवक आते दिखाई दिए, जोकि पुलिस को देखकर पीछे मुड़ने लगे तो पुलिस ने पीछा करके उन्हें दबोच लिया।
पूछताछ में अपना नाम नवदीप सिंह उर्फ जोबन और जसकरण सिंह उर्फ करण निवासी गांव फरीदेवाल थान मक्खू जिला फिरोजपुर बताया। तलाशी दौरान दोनों से 250-250 ग्राम हेरोइन, एक देसी पिस्टल 7.65 एमएम, पांच कारतूस और बाइक बरामद हुआ। एसपी ने बताया कि जोबन गुरु नानक कालेज फिरोजपुर का बीए-प्रथम साल का छात्र है। जबकि करण बारहवीं पास है और खेती करता है।
