जालंधर/हर्ष कुमारः महानगर में दिन दिहाड़े बेखौफ लुटेरे चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे है। वहीं अब एसबीआई बैंक के बाहर खड़ी बाइक की चोरी का मामला सामने आया है। जहां लुटेरा बैंक के बाहर खड़ी बाइक को लेकर फरार हो गया। घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है। जिसमें लुटेरा बाइक ले जाते हुए दिखाई दे रहा है। वहीं इस घटना की शिकायत पीड़ित चिराग ने पुलिस को दे दी है।
घटना की जानकारी देते हुए चिराग पुत्र रविंदर कुमार निवासी कोट मोहल्ला बस्ती शेख ने बताया कि वह अपने दोस्त राकेश कुमार के साथ काले रंग की स्पलेंडर बाइक नंबर पीबी-08-डीएम-6526 पर एपीजे स्कूल के सामने एसबीआई बैंक में किसी काम से गया था। बैंक में काम खत्म होने के बाद जब वह बाहर आया तो देखा बाइक वहां पर मौजूद नहीं थी। इस मामले की जानकारी उन्होंने बैंक कर्मियों को दी। जिसके बाद बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई तो पता चला उसकी बाइक लेकर चोर फरार हो गया है।