जालंधर. (वरुण/हर्ष) : श्री गुरु तेग बहादुर जी के शहीदी दिवस पर आज गजेटेड छुट्टी के बावजूद सेंट सोल्जर स्कूल खुला रहा। जिसको लेकर नाराज सिख जत्थेबंदियों में काफी रोष पाया गया। भारी रोष के चलते सिख जत्थेबंदियों ने सेंट सोल्जर स्कूल पहुंचकर स्कूल की छुट्टी करवा दी। उन्होंने कहा कि गुरु महाराज की शहीदी का इतना बड़ा दिन है और सरकार ने विशेष रूप से गजेटेड छुट्टी घोषित कर रखी है, बावजूद इसके सेंट सोल्जर स्कूल को खोलकर सिखों की भावनाओं को आहत किया गया है।
सिख जत्थेबंदियों के पदाधिकारी सेंट सोल्जर स्कूल खुला होने की सूचना मिलते ही वहां पहुंच गए। पदाधिकारियों ने स्कूल की प्रिंसिपल सरबजीत कौर मान से मुलाकात स्कूल खुला होने का ऐतराज जताया। इस पर प्रिंसिपल ने कहा कि स्कूल को गजेटेड छुट्टी पर बंद रखना या खोलना उनका फैसला नहीं है। यह सब चीजें स्कूल प्रबंधन कमेटी देखती है। आप प्रबंधकों से बात कर लें। यदि वह आदेश देंगे कि स्कूल में छुट्टी कर दी जाए तो तुरंत प्रभाव से कर देंगे।
प्रिंसिपल से बातचीत करने के बाद सिख तालमेल कमेटी के सदस्यों ने स्कूल प्रबंधकों का नंबर लिया। इसके बाद उन्होंने प्रबंधकों से आज शहीदी दिवस की छुट्टी पर भी स्कूल खुला रखने का रोष जताया। इस पर प्रबंधकों ने कहा कि यदि स्कूल खुला भी है तो इसमें गलत क्या है। इस पर सिख तालमेल कमेटी के सदस्यों ने कहा कि उन्हें इसमें कोई दिक्कत नहीं है आप स्कूल खुला रखें, लेकिन फिर आप आज शहीदी दिवस पर श्री गुरु तेग बहादुर जी के बारे में बच्चों को पढ़ाओ ताकि बच्चों को अपने इतिहास के बारे में पता चल सके। जब सरकार ने गजेटेड छुट्टी घोषित कर रखी है तो आपको भी उसे मानना चाहिए। इसके बाद प्रबंधकों स्कूल को बंद करवाया।