हत्या के प्रयास का मामला दर्ज
जालंधर, ENS: करतारपुर से इंसानियत शर्मसार करने का मामला सामने आया है। जहां धार्मिक स्थल पर चल रहे मेले में दोपहर को महिला की बालियां छीनने की लोगों को सूचना मिली। इस दौरान लोगों ने लूट के आरोप में परिवार सहित माथा टेकने गए श्रमिक को 46 डिग्री के तापमान में गर्म पराली में लिटाकर बेरहमी से पीटा। इस घटना के पीड़ित सलीम को बुरी तरह झुलस गया। घायल श्रमिक पत्नी व दो बच्चों के साथ मेले पर गया था। जहां पर एक महिला ने बालियां लूटने पर चोर-चोर का शोर मचा दिया।
तभी इकट्ठी हुई भीड़ ने श्रमिक पर लूट का आरोप लगाते हुए पकड़ लिया। उसकी पत्नी व बच्चे उसे बचाने के लिए जद्दोजहद करते रहे, लेकिन भीड़ बिना पूछताछ किए मारपीट करती रही। इसके बाद पारिवारिक सदस्यों ने घायल श्रमिक को विधिपुर स्थित निजी अस्पताल में दाखिल करवाया। उपचाराधीन श्रमिक की हालात नाजुक रही। हालत कुछ सुधरने पर थाना करतारपुर की पुलिस ने पीड़ित के बयान दर्ज कर 7 आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव अंबियां तोहफा निवासी सलीम ने बताया कि वह मजदूरी करता है। 30 मई को पत्नी व दो बच्चों के साथ गांव काला बाहियां में डेरे पर माथा टेकने व सेवा करने के लिए गए थे। एक व्यक्ति के कहने पर बाकी लोगों ने उसके कपड़े उतार दिए और ट्राली पर लेटाकर बुरी तरह मारना शुरू कर दिया। उसकी पीठ ट्राॅली गर्म होने के कारण काफी झुलस गई। उसे राहगीरों ने बचाया। थाना करतारपुर के सब इंस्पेक्टर दलजीत सिंह ने बताया कि गांव रंधावा मसंदा के रहने वाले बिंदू, मंगा, सौरव मल्ल, काला पंच व 3 अन्यों के खिलाफ धारा 307 के तहत हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया गया है।