जालंधर,ens : मकसूदां मंडी में एक व्यक्ति का मोबाइल झपट कर भाग रहे 2 लुटेरों में से एक को लोगों ने काबू कर लिया, जबकि उसका दूसरा साथी भागने में कामयाब हो गया। लोगों ने लुटेरों द्वारा छीना हुआ मोबाइल बरामद कर लिया है। लोगों ने लुटेरे को पकड़ने के बाद थाना एक की पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। पीड़ित ओम प्रकाश निवासी राज नगर ने बताया कि वह किसी काम से मकसूदां सब्जी मंडी आया था। वह मंडी के अंदर पैदल ही जा रहा था, इसी दौरान पीछे से बाइक पर आए दो लुटेरों ने उसका मोबाइल छीन लिया।
उसने शोर मचाया तो लोगों ने लुटेरों का पीछा किया और एक लुटेरे को काबू कर लिया। लेकिन दूसरा लुटेरा मौके से फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी से बाइक के बारे में पूछा तो उसने बताया कि बाइक चोरी का है। पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
