जालंधर, ENS: हवेली के नजदीक देर रात ट्रक और बाइक की टक्कर की घटना सामने आई। जहां तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार बाइक सवार युवक फगवाड़ा से जालंधर की तरफ आ रहा था, हवेली के सामने पुल से नीचे उतरते हुए दोनों में ट्रक और बाइक की टक्कर हो गई, जिसके बाद मोटरसाइकिल सवार सड़क पर गिर गया और बेहोश हो गया।
लोगों द्वारा 112 पुलिस कंट्रोल रूम में फोन किया गया और एंबुलेंस को भी सूचित किया गया। लोगों ने आरोप लगाया कि एंबुलेंस की देरी के कारण व्यक्ति की सड़क पर ही मौत हो गई। वहीं पर एसएस फोर्स में तैनात ASI कुलदीप सिंह मौके पर पहुंचे, जिन्होंने 108 एंबुलेंस को फोन किया। लोगों ने बताया कि मोटरसाइकिल सवार की सांसें चल रही थी, मगर समय पर एंबुलेंस के न पहुंचने पर व्यक्ति की मौत हो गई।
वहीं ट्रक चालक ने बताया कि मोटरसाइकिल की रफ्तार तेज थी। बताया जा रहा है कि मोटरसाइकिल सवार युवक फगवाड़ा का रहने वाला था, पुलिस द्वारा लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए जालंधर के सिविल अस्पताल में भेज दिया गया है, फिलहाल ट्रक चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
