जालंधरः लम्मा पिंड चौक के पास हरदयाल नगर में मंगलवार देर रात सब्जी बेचकर घर लौट रहे श्रमिकों को कुछ शराबी युवकों ने घेर लिया, जिसके बाद उससे मारपीट शुरू कर दी। किसी तरह श्रमिक ने जान बचाई और हरदयाल नगर में बने पेट्रोल पंप के बाथरूम में जाकर छिप गया।
लेकिन युवकों ने इलाके में कुछ लोगों को साथ लेकर पेट्रोल पंप का दरवाजा तोड़ दिया। पेट्रोल पंप पर काम करने वाले कर्मियों ने तुरंत इसकी सूचना थाना-8 की पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बाथरूम में फंसे श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाला। जिसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस के खिलाफ ही नारेबाजी शुरू कर दी। लोगों का कहना है कि इन श्रमिकों ने ही पहले मारपीट शुरू की थी।
हंगामा बढ़ता देख मौके पर थाना-8 के प्रभारी यादविंदर सिंह पहुंचे, जिन्होंने स्थिति को संभाला और दोनों पक्षों को कार्रवाई का आश्वासन देकर माहौल को शांत करवाया। जांच अधिकारी एएसआइ मेवा सिंह ने बताया कि सुबह दोनों पक्षों को थाने में बुलाया गया है और वह बनती कार्रवाई जरूर करेंगे।
