जालंधर, ENS: पंजाब में उमस भरी गर्मी से जनजीवन बेहाल हो गया। वहीं हीट वेव के चलते व्यापारियों के कामकाज में काफी असर पड़ा है। लेकिन आज शाम 4 बजे अचानक मौसम में बदलाव देखने को मिला। दरअसल, अचाचक तेज हवाओं और बारिश के कारण तापमान में गिरावट देखने को मिली। वहीं तेज हवाओं के साथ हल्की-हल्की हो रही बारिश के चलते लोगों ने गर्मी से राहत की सांस ली। हालांकि बटाला सहित पंजाब के कुछ जिले में तेज बारिश हो रही है।
वहीं जालंधर में हल्की हल्की बूंदाबांदी से जहां आम जनता को गर्मी से राहत मिली, वहीं व्यापारियों के चेहरों पर मुस्कान दिखाई दी। दरअसल, भारतीय मौसम विभाग (IMD) की ओर से पंजाब में मौसम को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार हिमाचल प्रदेश के साथ लगते 7 जिलों में आज बारिश व तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
राज्य में बीते दिन हुई बारिश व तेज हवाओं के बाद अधिकतम तापमान में औसतन 3.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, जो सामान्य से कम है। राज्य के अधिकतर शहरों का तापमान जहां 40 पार हो गया था, अब एक बार फिर तापमान 40 डिग्री से कम हो गया है। राज्य में सबसे अधिक तापमान 40.4°C दर्ज किया गया, जो कि समराला में रिकॉर्ड किया गया।