जालंधर, ENS: पंजाब भर में बारिश का कहर लगातार जारी है। पंजाब के बाढ़ प्रभावित 8 जिलों में लोगों की परेशानी रविवार को भी कम नहीं हुई। 1,300 से अधिक गांवों में पानी भरा है। लोग घर की छतों पर बैठे हैं या फिर घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन कर रहे हैं। करीब 2 लाख एकड़ फसल पानी में डूबी है। वहीं जालंधर शहर में देर रात हुई बारिश से लोगों के घरों में जहां पानी घुस गया है, वहीं मॉडल टाउन मार्किट सहित रेलवे ट्रैक भी पानी से भर गए है।
हालात यह हो गए है कि रेलवे ट्रैक में पानी भरने के साथ-साथ शार्ट सर्किट हो गया। वहीं शार्ट सर्किट के कारण काम करते हुए कर्मी की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान प्रशोतम कुमार निवासी ब्यास पिंड के रूप में हुई है। काम के दौरान करंट लगने से मौत हुई है। मामले की जानकारी देते कर्मी ने बताया कि मृतक 23 सालों से रेलवे में काम कर रहा था। मृतक के परिजनों को शव सौंप दिया गया है।
कर्मी ने बताया रेलवे ट्रैक के प्लेट फार्म नंबर 2 से 3 के बीच काम कर रहे थे। इस दौरान अचानक शार्ट सर्किट होने के कारण कर्मी की करंट लगने से मौत हो गई। वहीं जसविंदर भल्ला ने बताया रेलवे का वर्कर लाइन क्रॉस कर रहा था। इस दौरान रेलवे ट्रैक में भरे पानी में करंट आने से वह उसकी चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई। वहीं रेलवे प्रशासन द्वारा बारिश के कारण गाड़ियों के समय में बदलाव किया गया। इस दौरान रेलवे स्टेशन पर गाड़ियां लेट होने को लेकर अनाउंसमेंट भी की जा रही है। जिसमें शताब्दी सहित कई ट्रेने लेट है।