जालंधर, ENS: शहर के बलदेव नगर इलाके में आज भारी हंगामा हो गया। दरअसल, निजी गैस एजेंसी द्वारा सप्लाई किए गए सिलेंडरों में निर्धारित मात्रा से करीब 2 किलो गैस कम पाए जाने को लेकर लोगों में भारी रोष पाया गया। जिसके बाद गुस्साए इलाका निवासियों ने सिलेंडर सप्लाई देने आए व्यक्ति को रोककर उसका विरोध करना शुरू कर दिया। मामले की जानकारी देते हुए मोहल्ला निवासी जसवंत सिंह टीटू ने बताया कि उन्होंने घरेलू गैस सिलेंडर बुक करवाया था।
दोपहर को जब कर्मी सिलेंडर की सप्लाई देने आया तो उन्होंने सिलेंडर लेने से पहले उसका वजन चैक किया। जांच करने पर सिलेंडर में करीब 2 किलो गैस कम निकली। इस पर जसंवत टीटू ने सिलेंडर लेने से इनकार कर दिया। जसवंत सिंह के बताया कि उन्होंने कम गैस होने की शिकायत की तो सप्लाई देने वाले व्यक्ति ने उन्हें सिलेंडर एजेंसी से ही संपर्क करने को कहने लगा। इसी दौरान आसपास के लोग भी मौके पर इकट्ठा हो गए।
लोगों ने ऑटो में रखे अन्य सिलेंडरों का भी वजन किया। इस दौरान गाड़ी में रखे सभी सिलेंडरों में गैस कम पाई गई। जिसको लेकर लोगों में रोष फैल गया और उन्होंने सप्लाई देने आए व्यक्ति का विरोध शुरू कर दिया। मामला बढ़ता देख मोहल्ला निवासी सीधे संबंधित गैस एजेंसी पहुंच गए। इलाका निवासियों ने मांग की है कि दोषी एजेंसी और सप्लाई स्टाफ के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में उपभोक्ताओं के साथ इस तरह की लापरवाही न हो।