जालंधर(ENS): जालंधर कमिश्नरेट की सीआईए स्टाफ पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक अवैध पिस्तौल और 200 ग्राम हेरोइन बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी निवासी गांव भैणी सिधवा (जिला तरनतारण) और दविंदर कुमार निवासी धन्नोवाली के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, सीआईए स्टाफ के जांच अधिकारी एएसआई निर्मल सिंह पुलिस टीम सहित ट्रांसपोर्ट नगर के पास नाकेबंदी कर रहे थे। इस दौरान उन्हें गुप्त सूचना मिली कि एक व्यक्ति हेरोइन की सप्लाई देने आ रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी हरप्रीत सिंह को काबू कर तलाशी ली, जिसमें उसके पास से 200 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। वहीं दूसरी कार्रवाई में सीआईए स्टाफ के जांच अधिकारी एएसआई नितिन शर्मा पुलिस टीम सहित रामामंडी क्षेत्र में नाकेबंदी कर रहे थे।
इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि दविंदर कुमार नामक व्यक्ति किसी वारदात की फिराक में दकोहा फाटक के पास घूम रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे दबोचा और तलाशी के दौरान एक .32 बोर की पिस्तौल और दो जिंदा राउंड बरामद किए। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
