एक सप्ताह में दूसरी घटना
जालंधर, ENS: महानगर के डीएवी फ्लाईओवर में ट्रक चालक ने देर रात बाइक सवार को कुचल दिया। इस घटना में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। एक सप्ताह में यह दूसरी घटना है। हैरानी की बात यह है कि फ्लाईओवर के पास ही दिन में पुलिस नाका लगाकर वाहन चालकों के चालान काटती है, फिर भी इसी जगह के पास लगातार ट्रक की चपेट में आने से एक सप्ताह में दूसरी मौत हो गई है।
इससे पहले रविवार को फ्लाईओवर से नीचे आते समय एक तेज रफ्तार ट्रक ने 23 वर्षीय युवती को कुचल दिया था। उस घटना में भी युवती की मौके पर ही मौत हो गई थी। मृतका की पहचान तमन्ना खुल्लर के रूप में हुई थी। वहीं अब बाइक सवार को एक ट्रक चालक ने कुचल दिया है। घटना के दौरान मौके से निकल रहे डिलीवरी ब्वॉय ने राहगीरों व ई-रिक्शा चालक की मदद से खून से लथपथ बाइक सवार को इलाज के लिए टैगोर अस्पताल में पहुंचाया।
जहां कबीर नगर के रहने वाले रजिंदर सिंह को डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची थाना एक ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में रखवा दिया है। मिली जानकारी के अनुसार रजिंदर कुमार प्रापर्टी डीलर का काम करता था और एक बेटी का बाप था। रजिंदर कुमार दवाई लेने के लिए रात को घर से निकला था और वह दवाई लेकर वापिस घर लौट रहा था।
वह डीएवी फ्लाईओवर पर पहुंचा तो उसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक चालक ने उसे कुचल दिया। हादसे के दौरान ट्रक चालक मौके पर रुकने की बजाय वहां से भाग गया। हादसे की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे थाना एक के जांच अधिकारी एएसआइ शाम लाल ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में रखवा दिया है और जांच में जुट गए।
