जालंधर, ENS: महानगर में चोरी और लूटपाट की घटनाओं से परेशान मंडी रोड ट्रेडर्स एसोसिएशन के कारोबारी ज्वाइंट सीपी संदीप शर्मा को मांग पत्र देने पहुंचे। एसोसिएशन ने आज मंडी के बाहर बढ़ती आपराधिक गतिविधियों और अव्यवस्थाओं को लेकर ज्वाइंट सीपी ज्ञापन सौंपा। जहां एसोसिएशन ने सार्वजनिक सुरक्षा, व्यापारिक गतिविधियों और आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई है। ज्ञापन में एसोसिएशन के सदस्यों ने बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से समस्याएं बनी हुई हैं, जिनका सीधा असर दुकानदारों, ग्राहकों और स्थानीय निवासियों पर पड़ रहा है।
व्यापारियों ने खासकर रात के समय पुलिस गश्त की कमी पर सवाल उठाते हुए दिन-रात नियमित पेट्रोलिंग की मांग की है। एसोसिएशन द्वारा उठाई गई प्रमुख मांगों में इलाके में खुलेआम घूम रहे शराब के नशे में हुड़दंग मचाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि शाम और रात के समय बढ़ती स्नैचिंग की घटनाओं पर अंकुश, बिना नियमों के चल रहे गेस्ट हाउसों पर कार्रवाई की जाए। वहीं 24 घंटे खुली रहने वाली शराब की दुकानों को लेकर मुद्दा पुलिस अधिकारी के समक्ष रखा है।
इसके अलावा उन्होंने सड़कों पर अवैध रूप से लगने वाली रेहड़ियों और दुकानों से हो रही जाम की समस्या और दुकानों के प्रवेश मार्ग बाधित होने का मुद्दा भी उठाया। एसोसिएशन ने प्रशासन से मांग की है कि इन समस्याओं का जल्द समाधान कर मंडी रोड क्षेत्र को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाया जाए। मंडी रोड ट्रेडर्स एसोसिएशन ने कहाकि अगर उनकी मांगों को जल्द पूरा नहीं किया गया तो वह आने वाले समय में पुलिस को दुकानों की चाबियां सौंप देंगे। उन्होंने कहाकि वह तब तक दुकानें नहीं खोलेंगे, जब तक वह खुद को सेफ नहीं समझते। हालांकि पुलिस की ओर से उनकी मांगों को हल करने का आश्वासन दिया गया है।