एक ही दुकान में 2 बार चोरों ने की चोरी
जालंधर, ENS: महानगर में चोरी की वारदातों का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। वहीं मंडी रोड पर स्थित परशोतम विश्वनाथ की दुकान पर चोरी की घटना सामने आई है। जहां दुकान का शटर तोड़ चोर सामान सहित एक लाख के करीब नगदी चोरी कर लेकर फरार गए। चोरी का पता दुकान मालिक को वीरवार सुबह पड़ोसी दुकानदारों से चला।
जिसके बाद दुकानदार विनय गुप्ता मौके पर पहुंचा तो देखा दुकान का सामान बिखरा पड़ा था। जिसके बाद दुकानदार ने मामले की शिकायत पुलिस को दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। दुकानदार रोजाना की तरह बुधवार रात दुकान को बंद करके चला गया था लेकिन चोर रात के अंधेरे और धुंध का फायदा उठा चोरी कर फरार हो गए।
पीड़ित ने बताया कि चोर दुकान से 25 किलो देसी घी, 8 से 10 टीन रिफाइंड और भारी मात्रा में नगदी लेकर फरार हो गए। पीड़ित ने कहा कि देर रात कुछ नगदी आई थी, वह भी चोर साथ लेकर फरार हो गए। पीड़ित के अनुसार चोरों ने दुकान में 2 बार चोरी की है। घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पीड़ित ने कहा कि पहले चोर 3.30 बजे दुकान से सामान लेकर फरार हो गए।
जिसके 15 मिनट बाद चोर दोबारा दुकान में आए और दुकान में छानबीन करके अन्य सामान लेकर फरार हो गए। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पीड़ित के बयानों के आधार पर बनती कार्रवाई की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज में चोरों के चेहरे साफ दिखाई दे रहे है। जिसमें 4 चोर दुकान में घुसते है और दुकान से रिफाइंड के टीन लेकर जा रहे है। जिसके बाद चोर 15 मिनट बाद दोबारा आए और देसी घी सहित नगदी लेकर फरार हो गए।