बस स्टैंड के पास Kundra नाम की दुकान पर चोरी का सामान करता था सप्लाई
जालंधर, ENS: वेस्ट हलके के भार्गव कैंप में बेली राम स्वीट्स शॉप एंड बेकर सहित अन्य दुकानों से महंगी चॉकलेट चुराने वाले चोर को लोगों ने खुद काबू किया है। जिसकी पहचान शिव दानिशमंदा के रहने वाले के रूप में हुई है। लोगों ने बताया कि बस्ती दानिशमंदा से इसे काबू किया है। इसके बाद लोगों ने चोर के गले में हार पहनाकर उसका अनोखे तरीके से बाजार में घुमाकर स्वागत किया।
नशे की आपूर्ति के लिए चोरी की वारदातों को देता था अंजाम
चोर ने बताया कि वह नशे का आदी है और नशे की आपूर्ति के लिए अलग-अलग दुकानों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। वहीं चोर ने पूछताछ में बताया कि वह बस स्टैंड के पास कुंदरा नामक करियाने की दुकान पर चोरी का सामान सप्लाई करता है।
चोर के गले में फूल का हार डाल लोगों ने बाजार में घुमाया
लोगों ने कहा कि इस घटना को लेकर पुलिस को सूचना दी लेकिन काफी समय तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। इसके बाद लोगों ने खुद ही चोर को छोड़ दिया। लोगों ने बताया कि 2 घंटे तक पुलिस घटना स्थल पर नहीं पहुंची।
पुलिस टीम का बयान आया सामने
दूसरी ओर थाना भार्गव कैंप के एएसआई प्रवीण कुमार मौके पर पहुंचे और उन्होंने बताया कि लोगों द्वारा चोर को छोड़ दिया गया है। लोगों द्वारा जब 2 घंटे बाद पहुंचने के बारे में पूछा गया तो उनका कहना था कि उन्हें जब सूचना मिली वह तभी घटनास्थल पर पहुंच गए। लोगों ने पुलिस की कार्यप्राणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि वेस्ट हलके में कई घटनाएं हो चुकी है लेकिन पुलिस लोगों को इंसाफ नहीं दिला रही, जिसके कारण वह खुद ही चोर के गले में हार पहनाकर उसे बाजार में घूमाने के बाद छोड़ रहे हैं।
गौरतलब है कि पिछले दिनों वेस्ट हलके के भार्गव कैंप में बेली राम स्वीट्स शॉप एंड बेकर की दुकान से 2 चोर दुकान से चॉकलेट, घी के डिब्बे लेकर चोर फरार हो गए। मंगल दास ने बताया कि उनकी दुकान से सामान कम हो रहा था और उन्हें चोरी को लेकर शक हो रहा था। जिसके बाद उन्होंने सीसीटीवी कैमरे चैक किए तो पता चला कि 2 चोर दुकान से सामान चुरा रहे थे।
इस दौरान अन्य बैकरी मालिकों से बात की गई तो उन्होंने कहा कि यह चोर उनकी दुकानों को भी निशाना बना चुके है। वहीं थाना भार्गव कैंप की पुलिस को घटना संबंधी शिकायत दे दी है।