जालंधर, ENS: पूर्व पार्षद सुखमीत डिप्टी, व्यापारी टिंकू हत्याकांड व कबड्डी खिलाड़ी संदीप नांगल अंबिया के आरोपी गैंगस्टर पुनीत को हाल ही में अमृतसर पुलिस ने एक अन्य मामले में गिरफ्तार किया था। वहीं पुनीत और नरिंदर लल्ली को आज प्रोडक्शन वारंट पर जालंधर पुलिस लेकर आई है और उसे कोर्ट में पेश किया गया। एसीपी परमजीत सिंह ने कहा कि पुनीत शर्मा और नरिंदर लल्ली का पुलिस को कोर्ट से 3 दिन का पुलिस रिमांड मिला है।
एसीपी ने कहा कि दोनों को सुखमीत डिप्टी मर्डर केस मामले थाना 2 में मामला दर्ज है। जिसके बाद कपूरथला जेल से दोनों को पुलिस रिमांड हासिल हुआ है। हालांकि पुलिस टीम द्वारा कोर्ट से 10 दिन के पुलिस रिमांड की मांग की गई थी। एसीपी ने कहाकि जालंधर में दोनों के खिलाफ कई मामले दर्ज है। बता दें कि गत दिनों शूटर पुनीत और नरिंदर लल्ली के साथ 4 अन्य साथियों को गिरफ्तार किया था। इस दौरान आरोपियों से 6 विदेशी पिस्तौल और करीब 40 जिंदा कारतूस बरामद किए थे।
पुनीत और लल्ली ने गैंगस्टर लक्की पटियाल के कहने पर मिक्की अपहरणकांड में सजा काट कर आए उक्त डिप्टी पर नई दाना मंडी के पास गोलियां चला कर हत्या कर दी गई थी। वहीं पुरानी निजी रंजिश के चलते पुनीत ने साथी नरिंदर लल्ली के साथ मिलकर कारोबारी गुरमीत सिंह टिंकू पर गोलियां चलाई थीं। यह हत्या को सोढल रोड पर स्थित प्रीत नगर में अंजाम दिया गया था। इस घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी कौशल चौधरी, नीरज बवाना व दविंदर बंबीहा गैंग के शार्प शूटर पुनीत और लल्ली पुलिस की गिरफ्तार से बाहर थे। गौरतलब है कि उक्त दोनों आरोपियों ने 20 जून 2021 में डिप्टी हत्याकांड को अंजाम दिया था।
