जालंधरः शहर के लम्मा पिंड चौक के पास वार्ड नंबर-3 में सीवरेज की समस्या दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है। चारों तरफ गंदा पानी बैक मार रहा है। सीवरेज के पानी से उठने वाली बदबू से लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। हर गली में सीवरेज का गंदा पानी खड़ा होने से लोगों का बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है। वार्ड-3 के लोगों ने बताया कि सीवरेज के चलते उनका कारोबार भी प्रभावित हो रहा है। कोई भी ग्राहक यहां तक की कोई रिश्तेदार भी यहां आने के तैयार नहीं है।
मोहल्ला वासी राकेश शर्मा ने बताया कि पिछले 2 साल से यह समस्या चली आ रही है। कोई सुनवाई नहीं है। कौंसलर लुबाना को कई बार शिकायत दे चुके है, हर बार सफाई की जाती है, लेकिन समस्या वैसे की वैसे ही है। कोई पक्का हल नहीं निकल पा रहा है। पीने वाला पानी भी गंदा आ रहा है। बावा हैनरी, ढल्ल साहब से भी शिकायत कर चुके है, लेकिन समस्या वैसे ही बनी हुई है। कौंसलर लुबाना को कल भी फोन किया है, लेकिन एक दिन बीत जाने के बाद भी वह नहीं पहुंचे। मोहल्ले में न कोई लाइटिंग का प्रबंध है ना ही कोई साफ-सफाई का। कई बार इस संबंध में मांगपत्र भी सौंप चुके है, लेकिन हर बार पुरानी तारों को रिपेयर करके चले जाते है, लेकिन कुछ दिनों बाद फिर वहीं समस्या का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि यह कालोनी लावारिस बन चुकी है। 24 साल से यहां रह रहे है।
हरीष धीर ने बताया कि कई दिनों से गंदे पानी की समस्या का कोई हल नहीं हो पा रहा है। शिकायत करने पर कर्मचारी आते तो है, लेकिन थोड़ा बहुत पानी निकाल जाते है, लेकिन फिर पानी बैक मार जाता है। पीने वाला पानी भी गंदा आ रहा है, जिससे बीमारी फैलने का डर सता रहा है।
इलाका वासी मोनिका ने बताया कि 7-8 महीने पहले ही यहां शिफ्ट किया है। लेकिन हर दूसरे-तीसरे महीने सीवरेज की समस्या पैदा हो रही है। पानी भी पीने योग्य नहीं है। बड़ी मशीनों से सफाई करवाई जाए, तब जाकर समस्या से निजात मिल सकती है।
वहीं सुरिंदर सिंह ने कहा कि कल भी नगर निगम में गए थे। जहां ज्वाइंट कमिश्नर और कमिश्नर से मिल कर हर तरह की समस्या जैसे सीवरेज, सड़कों की रिपेयर और मच्छरों को लेकर फागिंग करने संबंधी शिकायत दी है। आज भी बात हुई है। कहा जा रहा है कि जल्द ही मशीन भेजकर साफ-सफाई की जाएगी। लेकिन अब मशीन आने का इंतजार किया जा रहा है। मेयर साहब से बात भी हुई है।
